होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं : महाशिवरात्रि पर मंदिरों में सपेरों के प्रवेश पर रोक लगाने...

बदायूं : महाशिवरात्रि पर मंदिरों में सपेरों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग

बदायूं। जिले के पशु प्रेमियों ने वन विभाग बदायूं को पत्र भेजकर महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिरों में सपेरों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। पत्र में बताया गया कि हर वर्ष इस अवसर पर सपेरे सांपों को लेकर मंदिर परिसरों के आसपास देखे जाते हैं और श्रद्धालुओं से पैसे मांगते हैं। यह न केवल वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 2022 (संशोधित) का उल्लंघन है, बल्कि इससे भक्तों की जान को भी खतरा हो सकता है।

पूर्व में हो चुकी हैं घटनाएं

पत्र में उल्लेख किया गया कि इससे पहले भी जिले में सांपों के खेल के चलते कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मेला ककोड़ा में एक सपेरे द्वारा लाए गए सांप के साथ फोटो खिंचवाने के दौरान एक युवक की सांप के काटने से मौत हो गई थी। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

वन विभाग को निर्देश देने की मांग

पशु प्रेमियों ने मांग की कि जनपद में तैनात समस्त वन विभाग कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि वे मंदिर परिसरों में सपेरों की मौजूदगी को रोकें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि किसी मंदिर प्रांगण में सपेरे पाए जाते हैं और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी उस क्षेत्र में तैनात वन विभाग अधिकारी की होगी।

पत्र भेजने वालों में विकेन्द्र शर्मा, कौशल गुप्ता, संजीव कुमार प्रजापति, विभोर शर्मा, प्रमोद सिंह, दीपेश दिवाकर और श्याम शर्मा शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here