होम राज्य उत्तर प्रदेश अज्ञात ट्रक की टक्कर से बिल्सी नगर को विद्युत आपूर्ती करने वाली...

अज्ञात ट्रक की टक्कर से बिल्सी नगर को विद्युत आपूर्ती करने वाली मुख्य लाइन हुईं क्षतिग्रस्त, 12 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित पानी संकट भी गहराया

बिल्सी। उझानी से बिल्सी को विद्युत आपूर्ति करने वाली मुख्य लाइन के पोल को मंगलवार तड़के करीब 4:00 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे करीब आधा दर्जन पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना के चलते नगर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली बंद होते ही जलापूर्ति भी प्रभावित, पानी को तरसे लोग

बिजली ठप होने के चलते नगर की पेयजल आपूर्ति भी पूरी तरह से बाधित हो गई, जिससे लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। कई घरों में लगे इन्वर्टर और बैटरियां भी जवाब दे गईं, जिससे स्थिति और विकट हो गई। सुबह से ही बिजली न आने के कारण नगरवासियों को पीने के पानी तक के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।

क्षतिग्रस्त मुख्य लाइन पर अक्सर होता है ब्रेकडाउन

बिल्सी को बिजली आपूर्ति करने वाली यह मुख्य लाइन पहले से ही बेहद जर्जर हाल में है। स्थानीय लोगों के अनुसार,
“इस लाइन पर आए दिन तेज हवा का झोंका आ जाने या किसी पक्षी अथवा जानवर के तार से टकराने भर से ब्रेकडाउन हो जाता है, जिससे घंटों की मशक्कत के बाद ही सप्लाई बहाल हो पाती है।”

नगरवासियों ने कई बार इस मुख्य लाइन को 132 केवीए नागरझूना फीडर से जोड़ने की मांग उठाई, ताकि बार-बार हो रहे ब्रेकडाउन से राहत मिल सके। लेकिन वर्षों से मांग करने के बावजूद यह कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि इसी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण इलाकों की आपूर्ति नागरझूना फीडर से हो रही है।

बिजली विभाग युद्धस्तर पर कर रहा मरम्मत कार्य

अवर अभियंता दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि,
“ट्रक की टक्कर से कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। विभागीय कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं और शाम 7:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।”बिजली और पानी की समस्या को लेकर नगरवासी बेहद परेशान हैं और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here