

अयोध्या/बदायूं। देश और विदेश में तेजी से उभरते हुए युवा संगीतकार और गायक मुनि रमन को रविवार को अवध गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अवध महोत्सव के दौरान प्रदान किया गया।
मुनि रमन का बदायूं से गहरा नाता रहा है। उनका बचपन यहीं बीता और उनकी प्राथमिक शिक्षा भी बदायूं से ही पूरी हुई। वे बचपन से ही संगीत में रुचि रखते थे और इसी जुनून ने उन्हें देश और विदेश में पहचान दिलाई। बदायूं महोत्सव में भी मुनि रमन अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं, जहां उन्हें सम्मानित किया गया था। इसी दौरान उन्होंने अपने कई बचपन के मित्रों से मुलाकात कर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया।
मुनि रमन ने संगीत की शिक्षा मुंबई स्थित सारेगामापा संगीत अकादमी से प्राप्त की। वे अब तक सैकड़ों शो कर चुके हैं और 2010 में भारत की शान रियलिटी शो में टॉपर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने स्टार प्लस के लोकप्रिय कार्यक्रम वॉयस ऑफ इंडिया में अतिथि कलाकार के रूप में अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुनि रमन ने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे उनकी धर्मपत्नी का भी अहम योगदान है, जो अमेज़न के एचआर विभाग में सीनियर मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उनके सहयोग और प्रेरणा से ही मुनि रमन संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारने में सफल हुए हैं।
अवध महोत्सव के इस सम्मान ने न केवल मुनि रमन के करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, बल्कि बदायूंवासियों के लिए भी गर्व का विषय बन गया है।


























