


बिल्सी। अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नगर में भव्य आयोजनों की धूम रही। नगर के प्रमुख मंदिरों और घरों में दीपमालिका कर सजावट की गई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 17 के सभासद राजीव महेश्वरी बुक सेलर ने मोहल्ला संख्या 6 गऊशाला रोड स्थित मां काली मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया।
भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
मां काली मंदिर पर आयोजित भंडारा शाम 4:00 बजे शुरू हुआ और समाचार लिखे जाने तक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। इस आयोजन में वार्ड के प्रमुख लोगों का विशेष योगदान रहा, जिनमें प्रेमपाल सिंह और अनुज वर्मा का सहयोग सराहनीय रहा।
बालाजी चौक पर प्रसाद वितरण
इस क्रम में मुख्य बाजार स्थित बालाजी चौक के निकट भक्तों ने कढ़ी-चावल का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया। इस आयोजन में उपेंद्र वार्ष्णेय के पुत्र पियूष वार्ष्णेय और हेमंत वार्ष्णेय ने मुख्य भूमिका निभाई। बाजार के दुकानदारों ने भी आयोजन में सहयोग दिया।
दीपमालिका से सजा नगर
श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ को नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक मनाया। मुख्य बाजार और आसपास के मोहल्लों में दीप जलाकर रामभक्ति का संदेश दिया गया। इस आयोजन ने नगर के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही और सभी ने इसे भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था को समर्पित करते हुए मनाया।


























