बिल्सी। नगर के बहुप्रतिक्षित रोडवेज बस स्टेशन के शिलान्यास को आज एक माह पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य की प्रगति जानने के लिए स्वदेश केसरी के ब्यूरो प्रभारी ललित बार्ष्णेय ने आज दोपहर ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।



प्रस्तावित स्थल पर निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। एक तरफ की बाउंड्री वॉल बनाकर मुख्य भवन और टॉयलेट के लिए पिलर पर कार्य चल रहा है। हालांकि, पालिका क्षेत्र के गंदगी से भरे नाले की वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण दूसरी तरफ की बाउंड्री वॉल का कार्य शुरू नहीं हो सका है। पालिका प्रशासन ने नाले का निकास अगोल मार्ग की सड़क के दूसरी ओर करने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन इस पर अभी कार्य शुरू नहीं हुआ है।
निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे सुपरवाइजर राधेश्याम ने बताया कि मुख्य भवन में मानक के अनुरूप स्टाफ कक्ष, पूछताछ कक्ष, स्टेशन प्रभारी कक्ष और एक कैंटीन बनाई जा रही है। वहीं, टॉयलेट एरिया में चार शौचालय और दो यूरिनल पॉट लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 5 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के प्रभारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दया शंकर सिंह ने इस बहुप्रतिक्षित रोडवेज बस स्टेशन का शिलान्यास किया था। इस बस स्टेशन के निर्माण पर 2 करोड़ 25 लाख 40 हजार रुपए की धनराशि कार्य संस्था यूपीपीसीएल (उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड) को अवमुक्त की जा चुकी है।


























