
दातागंज (बदायूं)। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण शुक्रवार को एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना थाना दातागंज क्षेत्र के सिसैया गांव की है, जहां 45 वर्षीय शमशीरन पत्नी इकरार शाह अपने घर से बकरी बांधने के लिए निकली थीं। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही जर्जर हाइटेंशन लाइन अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि इस जर्जर लाइन की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर बिजलीघर को सप्लाई बंद करने के निर्देश दिए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्रामीणों ने की मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
यह घटना बिजली विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है, जिसमें एक निर्दोष महिला की जान चली गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, क्षेत्र की सभी जर्जर बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत कराने की भी अपील की गई है।


























