

बदायूं।इन्द्रापुरम प्रोफेसर कॉलोनी, निकट पक्का ताल के निवासियों ने जल निकासी की समस्या को लेकर प्रशासन से कई बार शिकायत की है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से कॉलोनीवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को 23 दिसंबर और 30 दिसंबर को भी समस्या से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया था। जिलाधिकारी ने उझानी ब्लॉक के वीडियो को जांच कर आख्या देने का निर्देश दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि पानी की निकासी पहले पाइप द्वारा चकरोड से होती थी, लेकिन कुछ लोगों ने चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया है और प्रधान के साथ मिलकर निकासी बंद कर दी है। नतीजतन, गंदा पानी कच्ची सड़क पर भरने लगा है, जिससे कॉलोनीवासी नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
इसके अलावा, कॉलोनी में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। कॉलोनी में हर समय बच्चे खेलते रहते हैं और गंदे पानी से भरी सड़कें कभी भी हादसे का कारण बन सकती हैं। निवासियों का कहना है कि प्रशासन शायद किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।
कॉलोनी के निवासियों ने जिलाधिकारी से अपील की है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए और चकरोड की नक्शे द्वारा जांच कराकर अतिक्रमण हटवाया जाए। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कॉलोनीवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


























