बिसौली। श्री राधा रानी प्रेम सेवा समिति के तत्वावधान में 14 नवंबर, गुरुवार से शुरू होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा के उपलक्ष्य में आज नगर में भव्य भाव कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा अपराह्न 12:00 बजे राम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई और बुध बाजार, बड़ा मंदिर, बीच का कुआं, गोद चौराहा और पुलिस चौकी से होते हुए देर शाम प्राचीन रामलीला मैदान, रामगढ़ में संपन्न हुई।
कलश यात्रा में भाग लेने वाली श्रद्धालु महिलाएं अपने सिर पर कलश लेकर भक्ति में लीन नजर आईं। यात्रा के दौरान नगर के व्यापारी भाइयों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा करके यात्रा का स्वागत किया, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया।
आयोजन समिति ने विशेष रूप से कलश उठाने वाली महिलाओं के लिए कथा समापन के पश्चात लकी ड्रा के माध्यम से विजेताओं को उपहार देने की घोषणा की है। बताते चलें कि कल से प्राचीन रामलीला मैदान पर सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें सुप्रसिद्ध कथा वाचक श्री इंद्रेश जी महाराज अपने मुखारविंद से अमृतमयी कथा का वाचन करेंगे।

























