बिल्सी: जिलाधिकारी बदायूं के निर्देश पर एसडीएम रिपु दमन सिंह ने कृषि विभाग की टीम के साथ बिल्सी नगर और आसपास के खाद विक्रेताओं के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान बदायूं बस स्टैंड, खैरी स्टैंड, ग्राम खितौरा और उघैती में खाद की कई दुकानों पर जांच की गई। छापेमारी के दौरान अधिकतर दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग गए, जिससे प्रशासनिक टीम को खाद वितरण की स्थिति पर संदेह हुआ।
एसडीएम रिपु दमन सिंह ने बताया कि खाद की दुकानों पर यूरिया और डीएपी के स्टॉक की जांच की गई, लेकिन कई दुकानों पर सत्यापन के दस्तावेज नहीं मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में डीएपी और यूरिया की कालाबाजारी या ओवररेटिंग नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र में उर्वरक की उचित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है।
इस छापेमारी के दौरान कृषि सहायक प्रदीप कुमार, हरिओम सिंह, सूरज भारती सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि खाद की दुकानों पर किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानों में पाई गई खामियों पर जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसानों को समय पर उचित दरों पर उर्वरक मिल सके।

























