होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी: यातायात माह के दौरान भी नियमों की अनदेखी, ट्रिपल राइडिंग और...

बिल्सी: यातायात माह के दौरान भी नियमों की अनदेखी, ट्रिपल राइडिंग और नाबालिग राइडर्स सड़कों पर बेखौफ

बिल्सी। यातायात माह नवंबर 2024 के तहत बिल्सी में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा और नियमों की जागरूकता फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बावजूद इसके, नगर में ट्रिपल राइडिंग और नाबालिग वाहन चालकों की संख्या में कमी नहीं दिख रही है। स्वदेश केसरी के विशेष संवाददाता द्वारा ग्राउंड जीरो पर की गई पड़ताल में पाया गया कि अटल चौक, सम्राट अशोक चौक अंबियापुर, और थाना मोड़ चौराहे सहित अन्य व्यस्त चौराहों पर 10 में से 8 वाहन चालक यातायात नियमों की खुली अनदेखी करते दिखे।

अत्यधिक व्यस्त अटल चौक पर 24 घंटे सुरक्षा की दृष्टि से दो होमगार्ड तैनात हैं, लेकिन उनके सामने ही ट्रिपल राइडिंग करने वाले बाइक सवार और नाबालिग राइडर्स बेखौफ होकर गुजरते हैं। इन नियमों के उल्लंघन पर रोकथाम के लिए तैनात होमगार्ड की उपस्थिति भी अप्रभावी साबित हो रही है। अन्य प्रमुख चौराहों पर भी यही स्थिति है, जहां सुरक्षा के नाम पर तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद नियमों का उल्लंघन खुलेआम जारी है।

यातायात माह के दौरान विद्यालयों में बच्चों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन वास्तविकता में इन सभी प्रयासों का प्रभाव सड़कों पर देखने को नहीं मिल रहा है। ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट, और तेज गति से वाहन चलाने वाले नाबालिग और अन्य चालकों के कारण हादसों की संभावना बनी रहती है, लेकिन पुलिस प्रशासन के जागरूकता कार्यक्रम मात्र औपचारिकता में सिमट कर रह गए हैं।

बिल्सी में यातायात नियमों के प्रति लापरवाही और कानून का अभाव यातायात सुरक्षा अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here