साभार:वीकेंद्र शर्मा (पशु प्रेमी)
बदायूं के मोहल्ला बजरंग नगर में एक सांप को लाठी से कुचलकर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना में दो लोग शामिल हैं, जिनमें से एक टिर्री चालक कमलेश की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरा व्यक्ति अज्ञात है। वीडियो में दोनों व्यक्तियों को सांप को बेरहमी से मारते हुए देखा जा सकता है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों में रोष फैल गया है।
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है और कहा है कि वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। वन विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। वन्य जीव संरक्षण कानून के तहत सांप जैसे संरक्षित जीवों के साथ इस प्रकार की क्रूरता अपराध की श्रेणी में आती है, जिसके लिए आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
इस मामले को लेकर वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में भी आक्रोश है, और वे दोषियों पर कठोर से कठोर दंड की मांग कर रहे हैं। वन विभाग का कहना है कि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई करते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

























