बिल्सी तहसील क्षेत्र के ग्राम बांस बरौलिया निवासी पूर्व प्रधान चेतराम कोहली के पुत्र ओमपाल (40) की नोएडा में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, ओमपाल पिछले कई वर्षों से नोएडा में रहकर काम कर रहे थे। दो दिन पूर्व उनकी कार अनियंत्रित होकर एक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद नोएडा पुलिस ने ओमपाल को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जैसे ही ओमपाल की मौत की खबर उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और ग्रामीणों के लिए यह दुखद समाचार असहनीय था। देर शाम उनका शव गांव बांस बरौलिया लाया गया, जहां परिवारजन और ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

























