होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी: बाबा इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने यूपी नॉर्थ जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप...

बिल्सी: बाबा इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने यूपी नॉर्थ जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीते स्वर्ण और रजत पदक

बिल्सी के बाबा इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने 26 अक्टूबर से बरेली में आयोजित 31वीं यूपी नॉर्थ जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2024 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और नगर का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छह प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से तीन ने स्वर्ण और तीन ने रजत पदक जीतकर अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में प्रियांशु तोमर (कक्षा 7) ने 42 किलोग्राम भार वर्ग में, उर्वशी सिंह (कक्षा 8) ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में, और हर्षिता शर्मा (कक्षा 6) ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। वहीं, चिराग (कक्षा 7) ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में, आराध्या मित्तल (कक्षा 6) ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में, और प्रेरणा शाक्य (कक्षा 6) ने 42 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। सभी प्रतिभागियों का नेतृत्व ताइक्वांडो कोच ललित यादव ने किया, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के सचिव अनिल कुमार बोबी और कोषाध्यक्ष अजीत पाल सिंह ने सभी विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया।

विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने सभी विजेता छात्रों और उनके परिवारों को बधाई दी और कहा, “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। हमारे छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे इसी तरह मेहनत करते रहे तो एक दिन देश के लिए भी गोल्ड मेडल लेकर आएंगे।”

प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने भी छात्रों की मेहनत को सराहा और कहा कि इस जीत का श्रेय उनकी लगन और मेहनत को जाता है। यह प्रयास न केवल व्यक्तिगत विकास के लिए बल्कि विद्यालय के सम्मान के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे इसी तरह मेहनत करते रहें और देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक अमित माहेश्वरी और पीटीआई स्वाति साहू भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here