
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आज शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। उन्होंने बच्चों को डॉक्टर राधाकृष्णन के जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि वे देश के पहले उपराष्ट्रपति, महान शिक्षाविद, भारतीय संस्कृति के संवाहक और महान दार्शनिक थे। डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाना उनके लिए गर्व की बात होती और इसी कारण 5 सितंबर को पूरे भारत में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राएं शिक्षकों की वेशभूषा में आए और सर्वप्रथम वंदना सत्र का संचालन किया। इसके बाद उन्होंने विषय अध्यापकों की भूमिका निभाते हुए कक्षाओं का संचालन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अध्यापक बनकर शिक्षकों का महत्व और उनके योगदान को समझा।
विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के वास्तविक कुम्हार होते हैं। वे न केवल उनके जीवन को आकार देते हैं बल्कि उन्हें इस योग्य बनाते हैं कि वे खुद तो प्रकाशित रहें और दूसरों को भी रोशन करें।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने सभी स्टाफ को शिक्षक दिवस की बधाई दी और शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक एक किरण की तरह होते हैं, जो जीवन के हर मोड़ पर मार्गदर्शन करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी समेत सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।

























