
प्रयागराज। नकली नोट छापने के गोरखधंधे में शामिल जामिया हबीबिया मस्जिदे आजम मदरसे को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने बुधवार को सील कर दिया। यह मदरसा अतरसुइया क्षेत्र में 300 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र पास कराए संचालित हो रहा था, जहां 10 कमरे अवैध रूप से बनाए गए थे। इसके साथ ही, इस मदरसे की कोई मान्यता भी नहीं थी। अधिकारियों के अनुसार, अगर पीडीए के निर्देशों का उचित जवाब नहीं दिया गया, तो मदरसे पर जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है।
100-100 के नकली नोट छापता था गैंग
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रयागराज पुलिस ने मदरसे में छिपकर नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मदरसे के कार्यवाहक प्रिंसिपल मौलवी मोहम्मद तफसीरुल सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें गिरोह का मास्टरमाइंड जाहिर खान उर्फ अब्दुल जाहिर भी शामिल है। आरोप है कि प्रिंसिपल ने आरोपियों को मदरसे के अंदर एक कमरा दिया था, जहां वे 100-100 रुपये के नकली नोट छापते थे ताकि उन्हें आसानी से बाजार में खपाया जा सके। पुलिस के मुताबिक, पिछले तीन महीनों से यह गिरोह मदरसे में नकली नोट छापने का काम कर रहा था।
मदरसा चलाने वाली संस्था का रजिस्ट्रेशन रद्द होगा
इस अवैध गतिविधि के बाद, मदरसा संचालित करने वाली संस्था सोसाइटी अंजुमन जामिया हबीबिया का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की सिफारिश की गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद यह मदरसा नहीं चल सकेगा। अधिकारी ने यह भी दावा किया कि इस मदरसे की सभी गतिविधियों को अब राडार और सर्विलांस पर रखा जाएगा, और जल्द ही मदरसे पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा सकती है।

























