

बदायूं। विकास क्षेत्र जगत की ग्राम पंचायत उनौला में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पंचायत के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान भगवान दास, पूर्व एबीआरसी सुभाष चंद्र, और शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता आयुष भारद्वाज ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय उनौला की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वासुदेव ने कहा कि “शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं और उनके कंधों पर राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। गर्व का विषय है कि ग्राम पंचायत के समस्त शिक्षक अपने कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रहे हैं।”
कार्यक्रम का संचालन पूर्व एबीआरसी सुभाष चंद्र ने किया, जिन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालय में किए गए भौतिक परिवर्तनों और छात्रों को निपुण बनाने के शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामवासियों से विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए सहयोग की अपील की।
शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता आयुष भारद्वाज ने ग्रामवासियों से बच्चों की शिक्षा में सहयोग की अपील करते हुए इसे ही शिक्षकों का असली सम्मान बताया। उन्होंने कहा, “जब अभिभावक और समाज मिलकर शिक्षा के प्रति जागरूक होंगे, तभी शिक्षकों के प्रयासों का सही मूल्यांकन होगा।”
पूर्व प्रधान रमेश चंद्र फौजी ने कहा, “ग्राम पंचायत के बच्चों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें इतने योग्य और कर्मठ शिक्षक मिले हैं।”
इस दौरान, प्रधानाध्यापिका ऋचा वर्मा, इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनीता वैश्य, रिचा वर्मा, सुभाष चंद्र, आयुष भारद्वाज, राजकुमारी, अमिता सिंह समेत अन्य शिक्षकों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र और डायरी भेंट की गई। कार्यक्रम के अंत में ऋचा वर्मा ने समस्त अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वासुदेव, रमेश चंद्र साहू, गौतम दीक्षित, डालचंद नेता, मोरपाल, राम सिंह, मनीराम, राम दयाल, एसएमसी अध्यक्ष अनिल कुमार समेत कई ग्रामीण और पंचायत के सदस्य उपस्थित रहे।

























