बिल्सी। नगर के भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शनी में छात्रों ने हस्तकला, व्यर्थ सामग्रियों का पुनरुत्पादन, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला और भौतिक विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडलों का निर्माण कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रस्तुत किया। साथ ही कुछ विद्यार्थियों ने कृषि से संबंधित मॉडल भी बनाए, जिनकी सराहना की गई।
प्रदर्शनी का उद्घाटन उपजिलाधिकारी प्रवर्धन शर्मा ने किया। उन्होंने कहा, “आज के दौर में वैज्ञानिक सोच और जागरूकता का विकास अत्यंत आवश्यक है, और इस तरह की विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों में न केवल प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न करती है बल्कि उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण को भी बढ़ावा देती है।”
विद्यालय के प्रबंधक सुरेश बाबू गुप्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है। उप प्रबंधक डीके गुप्ता और संजीव वार्ष्णेय ने भी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रदर्शनी में विज्ञान वर्ग के प्रवक्ता संजीव सक्सेना, एस के शर्मा, एस के मिश्रा, और डॉ. पी एस उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के बनाए मॉडलों की बारीकी से जानकारी ली और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
इस विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने लाईफाई तकनीक, स्वचालित प्रणालियों, जल संरक्षण, भूकंप, वर्षा जल संचयन, आधुनिक यातायात प्रणाली, सड़क सुरक्षा, आधुनिक सिंचाई पद्धति, डीएनए आधारित मॉडल और जीवन को सरल बनाने वाली तकनीकों पर काम किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने प्रदर्शनी में आए अतिथियों, प्रतिभागी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों का धन्यवाद किया।

























