
बदायूँ: प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक राम अवतार शर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव तथा जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ मां शारदे के स्मरण के साथ हुआ, जहां वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक राम अवतार शर्मा ने शिक्षकों की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की और परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प व छात्रों के शैक्षिक संवर्धन के लिए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन उप क्षेत्रीय प्रबंधक भानु प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने इस दौरान प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक द्वारा शिक्षकों के लिए चलाई जा रही विशेष योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सैलरी अकाउंट धारकों को 40 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और किसी अन्य बैंक के हाउस लोन को बिना किसी शुल्क के पोर्ट कराकर कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं और उनका समाज एवं देश के उत्थान में बड़ा योगदान होता है। इस अवसर पर जनपद के बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे 51 शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त जुगल किशोर, राज्य पुरस्कार प्राप्त अनुज शर्मा, अरविंद दीक्षित, अजय पाल गंगवार, राजेश कुमार, अनुराग यादव, हरवंश मोहन, राजेंद्र गुलाटी आदि शामिल थे।

























