होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं क्लब में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव: मंत्री ने किया अभिलेख...

बदायूं क्लब में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव: मंत्री ने किया अभिलेख प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

बदायूं: काकोरी ट्रेन एक्शन की शताब्दी महोत्सव के अवसर पर बदायूं क्लब में आयोजित अभिलेख प्रदर्शनी का आज भव्य उद्घाटन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, और कृषि निर्यात मंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर इस प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विभिन्न इंटर कॉलेजों के छात्रों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री जी ने उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार, संस्कृति विभाग लखनऊ द्वारा तैयार की गई और बदायूं क्लब द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने शहीदों के बलिदान, उनके साहस, और पत्रों के माध्यम से प्रदर्शित की गई जानकारियों को देखकर कहा कि अमर शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम उनके योगदान को याद कर सकते हैं।

क्लब सभागार में कवि और इतिहासकार डॉ. अक्षत अशेष द्वारा संगृहीत जनपद के स्वतंत्रता संग्राम की प्रदर्शनी का भी मंत्री जी ने अवलोकन किया। क्लब की ओर से सांस्कृतिक सचिव रविंद्र मोहन सक्सेना और वरिष्ठ सदस्य नरेश चंद्र शंखधर ने मंत्री जी का पटका और माला पहनाकर सम्मान किया।

इस अवसर पर सदर विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक श्री राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक श्री हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व एमएलसी श्री जितेंद्र यादव, जिलाधिकारी श्रीमती निधि श्रीवास्तव, एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह, सीडीओ श्री केशव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार समेत अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी श्रीमती निधि श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रदर्शनी आज से शुरू होकर 15 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। सभी जनपद वासियों को इस विशेष प्रदर्शनी में आकर काकोरी ट्रेन एक्शन और उससे संबंधित महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here