बदायूँ से राहुल पाठक बिल्सी से ललित वार्ष्णेय की रिपोर्ट
बदायूं/ बिल्सी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिछले दिनों जारी आदेश के तहत परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अवैध बसों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में, हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले जा रही एक अवैध बस को पकड़ लिया गया और बस मालिक पर 63,250 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
परिवहन विभाग के उप संभागीय अधिकारी अमरीश कुमार और यात्री कर अधिकारी रमेश प्रजापति ने नवादा चौराहा, बदायूं पर अवैध बसों के चेकिंग अभियान के दौरान एक तेज गति से आ रही डबल डेकर बस को रोकने का प्रयास किया। बस चालक ने अधिकारियों को देखकर बस को तेजी से भगाना शुरू कर दिया, लेकिन सचल दल ने भी पीछा कर बस को पकड़ लिया। चालक बस को एक होटल के सामने खड़ी कर भाग गया। इस बस में 30 यात्री सवार थे, जो हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले जा रहे थे।
गौरतलब है कि लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध बसों का संचालन हो रहा है। यह डबल डेकर बस आलापुर के किसी गांव से चलकर बदायूं, बिल्सी होते हुए दोपहर 2:00 बजे के लगभग बिल्सी से निकलती है। यात्रियों के लिए मोबाइल नंबर पर सीट आरक्षित की जाती हैं।

























