बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाइवे पर नरैनी चौराहे के निकट स्थित गांव नगला जाटव में आज रविवार की दोपहर एक घर में रखी विषैली दवा पीने से एक तीन वर्ष की मासूम बच्ची की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक गांव निवासी संजीव कुमार की तीन वर्षीय पुत्री एंजेल घर के कमरे में खेल रही थी। यहां किसी शीशी में रखी विषैली दवा उसके हाथ लग गई। बच्ची ने पानी समझ कर उसको पी लिया। कुछ देर बाद दवा कर असर होने पर वह बेहोश होकर गिर गई। परिवार के लोग इस दौरान छत पर थे। जब वह नीचे आए तो देखा एंजेल जमीन पर पड़ी है। जिसके बाद परिवार के लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नगर के सीएचसी लेकर आए। जहां पर चिकित्सक पीपी गंगवार ने उसका परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिवार में कोहाम मच गया। परिवार के लोग एंजेल का शव लेकर वापस घर को चले गए। सीएचसी की ओर से थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई है।

























