होम राज्य उत्तर प्रदेश जाम से मिलेगी राहत, अढ़ौली रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरपास -बदायूं...

जाम से मिलेगी राहत, अढ़ौली रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरपास -बदायूं समाचार

जाम से मिलेगी राहत, अढ़ौली रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरपास।

उझानी में अंडरपास के लिए चयनित अढौली फाटक। संवाद

उझानी। रेलवे स्टेशन से सटे अढौली रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद तकनीकी टीम ने मुआयना कर लिया है। अंडरपास बनने के बाद क्रॉसिंग पर जाम से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा उझानी होकर कादरचौक के रास्ते एटा, इटावा और मैनपुरी तक आवागमन भी आसान हो जाएगा।

अढौली रेलवे क्रॉसिंग से होकर मालगोदाम तक अनाज और खाद लदे वाहन गुजरते हैं। इसी क्रॉसिंग से होकर एटा, मैनपुरी और इटावा से वाया बिल्सी होकर मुरादाबाद के वाहनों का भी आवागमन होता है। मालगोदाम पर मालगाडियों की शंटिंग के दौरान कभी-कभी क्रॉसिंग काफी देर तक बंद रहता है। इससे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पाता।

इज्जतनगर रेल मंडल डिवीजन में जिन स्थानों पर अंडरपास को मंजूरी मिली है उनमें अढौली क्रॉसिंग भी शामिल है। अंडरपास पंखा रोड मोड़ से शुरू होकर बितरोई वाले छोर की ओर जाएगा। अंडरपास से होकर निकलने वाले वाहनों का एक रास्ता मालगोदाम और एक कादरचौक रोड की ओर रहेगा। एक ही अंडरपास से दोनों ओर आवागमन की व्यवस्था होगी।

मिनी बाइपास से होकर भी सुगम होगा सफर

– अढौली फाटक पर अंडरपास बन जाने के बाद दूसरे छोर से भी मालगोदाम तक ट्रक समेत अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए मिनी बाइपास भी अहम साबित होगा। मिनी बाइपास पर पीडब्ल्यूडी ने पिछले दिनों ही मरम्मत का काम शुरू कराया है। मालगोदाम तक अनाज से लदे वाहन खासकर कृषि उत्पादन मंडी समिति की तरफ से मिनी बाइपास से होकर पहुंच सकते हैं। ऐसे वाहनों को बाजार और लिंक रोड से होकर निकलने का भी झंझट नहीं रहेगा।

अढौली क्रॉसिंग पर अंडरपास के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। निर्माण कार्य कब शुरू होगा, यह तो अभी नहीं बताया गया है, लेकिन अंडरपास बन जाने के बाद लोगों की आवाजाही से जुड़ी दिक्कतों का समाधान हो जाएगा।- अरुण कुमार सक्सेना, स्टेशन अधीक्षक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here