बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव अंबियापुर की मौर्य बस्ती में आज सोमवार की शाम करीब चार बजे एक घर में चाय बनाते समय सिलिंडर ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि आगजनी की इस घटना में परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ।
घर के मुखिया चंद्रशेखर शाक्य के मुताबिक सोमवार की शाम करीब चार बजे उसकी पत्नी सुलेखा देवी ने चाय बनाने के लिए जैसे ही गैस चूल्हे को ऑन किया तो अचानक गैस सिलिंडर ने आग पकड़ ली। सिलिंडर में आग लगने की दहशत से ही उसकी पत्नी बच्चों समेत घर से बाहर निकल गई। महिला का शोर सुनते ही आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। आग लगने की घटना से पूरी बस्ती में दहशत फैल गई। घर में लगी आग पर ग्रामीणों ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। बताते है कि आगजनी की घटना में उसके घर का घरेलू सामान और संदूक में रखा हजारों रुपये की नकदी भी खाक हो गई है। बताते है कि आग लगने से पीड़ित का करीब एक लाख रुपए से अधिक की संपत्ति आग में नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने डीएम से उसे आर्थिक मदद दिलवाए जाने की मांग की है।

























