होम राज्य Violence in Manipur’s Churachandpur, 2 dead, 25 injured | मणिपुर के चुराचांदपुर...

Violence in Manipur’s Churachandpur, 2 dead, 25 injured | मणिपुर के चुराचांदपुर में हिंसा, 2 की मौत, 25 घायल: 400 लोगों ने SP ऑफिस पर हमला किया; 5 दिनों के लिए इंटरनेट बंद

चुराचांदपुर/इम्फाल16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
प्रदर्शनकारी SP ऑफिस की बिल्डिंग में घुस गए थे। उनके हाथों में तिरंगा भी नजर आ रहा है। - Dainik Bhaskar

प्रदर्शनकारी SP ऑफिस की बिल्डिंग में घुस गए थे। उनके हाथों में तिरंगा भी नजर आ रहा है।

मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में गुरुवार (15 फरवरी) की देर रात 300-400 लोगों की भीड़ ने SP ऑफिस पर हमला कर दिया। लोगों ने SP ऑफिस पर पथराव किया। एक बस और आसपास की जगहों में आग लगा दी।

मणिपुर पुलिस के मुताबिक, जवाब में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) सहित दूसरे सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे। सुरक्षाबलों ने फायरिंग भी की, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। करीब 25 लोग घायल हैं।

ताजा हिंसा के बाद चुराचांदपुर में 5 दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि हमलावर एक पुलिस कॉन्स्टेबल को सस्पेंड करने का विरोध कर रहे थे।

चुराचांदपुर कुकी-जो जनजाती बहुल क्षेत्र है। यह राजधानी इम्फाल से 65 किलोमीटर दूर है। मणिपुर में ​​​​​मई 2023 में शुरू हुई हिंसा में चुराचांदपुर सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक था।

हिंसा का ये वीडियो मैतेई समुदाय के सोशल मीडिया ग्रुप मैतेई हेरिटेज सोसायटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है।

हिंसा का ये वीडियो मैतेई समुदाय के सोशल मीडिया ग्रुप मैतेई हेरिटेज सोसायटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है।

बदमाशों के साथ हेड कॉन्स्टेबल की सेल्फी ​​​​​वायरल हुई थी
मणिपुर पुलिस के मुताबिक, 14 फरवरी को हेड कॉन्स्टेबल सियामलालपॉल ​​​​​​का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वो हथियारबंद बदमाशों के साथ दिखाई दिए थे। हेड कांस्टेबल ने बदमाशों के साथ बंकर में सेल्फी भी ली थी, जो वायरल हो गई।

इसके बाद SP ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हेड कांस्टेबल को गलत तरीके से निलंबित किया गया है। उन्होंने सियामलालपॉल को वापस बहाल करने की मांग की।

कुकी-जो सिविल सोसाइटी ग्रुप इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF) ने हिंसा के बाद एक बयान में कहा कि आज रात की घटना के लिए चुराचांदपुर SP पूरी तरह से जिम्मेदार हैं।

कुकी-जो जनजातियों का आरोप है कि राज्य पुलिस की मिलीभगत से बार-बार उनके गांवों पर हमले हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया और ग्राम रक्षा स्वयंसेवकों (विलेज डिफेंस वॉलेंटियर्स) को बढ़ावा देने में कुकी-जो उपद्रवियों के शामिल होने की बात कही।

13 फरवरी को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर-IRB पोस्ट पर हमले हुए

हिंसा में 1 युवक की मौत हुई थी और 3 घायल थे।

हिंसा में 1 युवक की मौत हुई थी और 3 घायल थे।

मणिपुर के इम्फाल ईस्ट में मंगलवार (13 फरवरी) को हिंसा में एक की मौत हुई थी। 3 लोग घायल हुए थे। उपद्रवियों ने पेंगेई के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में हमला किया और हथियार लूटने की कोशिश की थी।

इसके अलावा तेजपुर इलाके में इंडिया रिजर्व बटालियन की पोस्ट पर भी हमला किया गया। यहां से 6 AK-47, 4 कार्बाइन, 3 राइफल, 2 LMG और कुछ ऑटोमैटिक हथियार भी लूटे गए। गोलीबारी, हमले और हथियारों की लूट के वीडियो भी सामने आए थे।

हिंसा के बाद का ड्रोन फुटेज सामने आया था। इसमें पहाड़ी पर मौजूद लोग अपने घायल और मृत साथियों को ले जाते नजर आए। हिंसा में मरने वाले शख्स की पहचान 25 साल के सागोलसेम लोया के रूप में हुई।

शांतिपुर इरिल नदी के पास जब गोलीबारी शुरू हुई तो वहां कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे। उन पर भी हथियारबंद लोगों ने गोलियां चलाईं। घबराए हुए बच्चे अपनी जान बचाने के लिए झाड़ियों में छिप गए। इस दौरान वह घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें…

मणिपुर में अब तक 200 से ज्यादा मौतें, 1100 घायल
राज्य में 3 मई 2023 से कुकी और मैतेई के बीच जारी जातीय हिंसा में 200 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राज्य में अब तक 65 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

खबरें और भी हैं…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here