21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनमें स्वाइन फ्लू की भी पुष्टि हुई है। गहलोत ने शुक्रवार (3 फरवरी) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- पिछले कुछ दिनों से बुखार होने के कारण आज टेस्ट कराया, जिसमें कोविड और स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इस वजह से अगले 7 दिन मैं किसी से नहीं मिल पाऊंगा। अशोक गहलोत को जयपुर के SMS हॉस्पिटल के IDH सेंटर में भर्ती कराया गया है। अभी उनकी हालत स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
त्रिपुरा के जलाईबाड़ी में BSF-कस्टम विभाग की कार्रवाई में 33 लाख का गांजा जब्त

त्रिपुरा के जलाईबाड़ी में BSF और कस्टम विभाग ने जॉइंट ऑपरेशन में 2 फरवरी को एक घर से 220 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। गांजा की कीमत 33 लाख रुपए बताई जा रही है। इससे एक दिन पहले BSF ने 1 फरवरी को दक्षिण त्रिपुरा के कलचेरा में एनएच-8 पर कपड़ों से लदा एक वाहन जब्त किया था। जब्त कपड़ों की कीमत 48 लाख 25 हजार रुपए बताई गई। पुलिस ने एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया था।
महाराष्ट्र के नासिक में फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

महाराष्ट्र में नासिक के सिन्नर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में शुक्रवार को आग लग गई। एडिमा ऑर्गेनिक्स लिमिटेड कंपनी में दोपहर में जोरदार विस्फोट हुआ और अचानक आग लग गई। घटना के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई है। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस बीच, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मजदूर पहले ही बाहर आ चुके हैं और सभी सुरक्षित हैं।

























