
सदन में बोलते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में अब जितना भ्रष्टाचार है उतना कभी नहीं रहा। अयोध्या में जमीनों की खरीद में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। ये भ्रष्टाचार सरकार के संरक्षण में हुआ। यूपी में इस समय जितना भ्रष्टाचार है उतना कभी नहीं रहा। थाने और तहसीलों में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति जीरो हो गई है। अखिलेश यादव विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बोल रहे थे।
अखिलेश यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कहा कि राज्यपाल का सदन में दिया गया अभिभाषण एक सरकारी दस्तावेज है। जो सरकार चाहती है अभिभाषण में वही बातें होती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी सबसे ज्यादा कार्यवाहक डीजीपी बनाने में नंबर एक है। झूठे प्रचार पर खर्च करने में यूपी नंबर एक है। बेरोजगारों पर लाठी चलवाने में नंबर वन है। महिलाओं के खिलाफ अपराधियों को बचाने में यूपी नंबर वन है। यूपी दलितों-पिछड़ों के उत्पीड़न में नंबर वन है। केंद्र व राज्य की टकराहट में नंबर वन है। यूपी आज पीडीए (पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यकों ) को प्रताड़ित करने में नंबर वन है। यही सच्चाई है।
ये भी पढ़ें – भूमि पूजन समारोह 19 फरवरी को, पीएम मोदी के आने की संभावना, धरातल पर उतरेंगे 10 लाख करोड़ के एमओयू
ये भी पढ़ें – पाला बदल सकता है रालोद: सीटों के साथ चल रही चरण सिंह को भारत रत्न देने की मांग भी, चुप्पी पर उठे सवाल
उन्होंने कहा कि सरकार विकास के दावे कर रही है पर प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी को कम करने के लिए क्या किया जा रहा है ये नहीं बता रही है। अगर प्रदेश में इतना निवेश आ रहा है तो नौकरियां क्यों नहीं मिल रही हैं? महंगाई बढ़ रही है। खाने-पीने के दामों में बढ़त हुई है। लोगों के पास रोजगार नहीं हैं। नौकरियां मिल नहीं रही हैं और सरकार वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी का सपना दिखा रही है।
लोग पुलिस को कॉल करने से डरते हैं कि उनसे वसूली हो जाएगी
प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब लोग 112 पर कॉल करने से डरते हैं कि उनसे वसूली की जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के सबसे तेज रिस्पांस सिस्टम को बर्बाद कर दिया गया। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। प्रदेश में लॉ अलग है ऑर्डर अलग है।
‘मानकों के अनुसार मेडिकल कॉलेज नहीं चल पा रहे हैं’
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। सब कुछ प्राइवेट किया जा रहा है। प्रदेश के मेडिकल कॉलेज मानक के अनुसार नहीं चल रहे हैं। वहां पर नियुक्तियां पूरी नहीं हुई हैं।
सरकार को किसानों पर खजाना खर्च करने में क्या दिक्कत है?
अखिलेश यादव ने कहा कि एयरपोर्ट बनाने के लिए किसानों से जमीन ली जा रही है पर उसका सही मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। सरकार चित्रकूट में डिफेंस एक्सपो बनाने जा रही है लेकिन किसानों को पुराने रेट पर मुआवजा दे रहे हैं। सपा सरकार में चार गुना मुआवजा दिया गया था। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किसानों पर खजाना खर्च करने में सरकार को क्या दिक्कत है? अयोध्या में एयरपोर्ट बनाने के लिए ली गई जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया। लोगों ने सरयू में खड़े होकर जनेऊ की कसम खाई थी कि भाजपा को वोट नहीं देंगे।
अखिलेश यादव ने पूछा सवाल, मेक इन इंडिया को यूपी क्यों सहयोग नहीं कर पा रहा है
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में 40 लाख करोड़ के एमओयू साइन करने की बात कही जाती है और कहा जाता है कि इससे एक करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा। जो उद्योगपति यहां आते हैं वही दूसरे प्रदेशों में जाकर कहते हैं कि सबसे पहले दूसरे प्रदेशों में निवेश करेंगे। उन्होंने पूछा कि सरकार उद्योगपतियों को इंसेंटिव क्यों नहीं दे पा रही है। कहा गया है कि तमिलनाडु मेक इन इंडिया में सबसे आगे है। यूपी मेक इन इंडिया में सबसे आगे क्यों नहीं है?
अग्निवीर योजना लागू होने से सबसे ज्यादा पीडीए को नुकसान हुआ
अखिलेश यादव ने कहा कि अग्निवीर योजना लागू होने से सर्वाधिक नुकसान यूपी के नौजवानों का हुआ है। पहले फौज में 70 हजार युवाओं की भर्ती होती थी पर अब नहीं होती है। सेना में भर्ती नौजवानों को वेतन, पेंशन और मेडिकल सुविधाएं मिलती थीं पर अग्निवीर योजना में चार साल की नौकरी के बाद उन्हें निकाल दिया जाएगा। सेना की नौकरी में जाने से पीडीए समाज के लोगों में समृद्घि आती थी पर अब अग्निवीर योजना से वो सारी सुविधाएं खत्म हो जाएंगी।

























