
उझानी के कोटरा सारंगपुर के गो आश्रय स्थल पर बंधीं गायें,
बदायूं/उझानी- कोटरा सारंगपुर के गोआश्रय स्थल में घुसे कुत्तों ने एक नवजात बछड़े को नोंच खाया। किसी ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद बीडीओ सर्वज्ञ अग्रवाल ने एडीओ पंचायत नीरज कुमार को जांच सौंप दी है।
गोआश्रय स्थल में मंगलवार पूर्वाह्न एक गाय ने बछड़े को जन्म दिया। इसके करीब दो-ढाई घंटे बाद कुछ कुत्ते गोआश्रय स्थल में घुस गए।सबने मिलकर नवजात बछड़े पर हमला कर उसको कई स्थानों को काट खाया। इसी दौरान किसी ग्रामीण की नजर पड़ी तो उसने कुत्तों को वहां से खदेड़ा, लेकिन तब तक नवजात दमतोड़ चुका था। ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी बना लिया। जिस दौरान पूरी घटना हुई केयर टेकर रवेंद्र शर्मा और जैक्सन श्रीवास्तव नहीं थे। बाद में वे पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी प्रधान के पति को दी।प्रधान के पति सुभाष वर्मा के मुताबिक उन्होंने पशु चिकित्सक शिवेंद्र चौहान को बुलाकर मृत बछड़ा दिखाया। पशु चिकित्सक की मौजूदगी में ही बछड़े का शव दफन करा दिया गया। बाद में इस संबंध में ब्लॉक स्तरीय अफसरों को जानकारी दी।
लोगों ने लगाया आरोप देखभाल के अभाव में हो चुकी है कई गायों की मौत
कोटरा सांरगपुर के ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गोआश्रय स्थल में इस समय 40 गायें हैं। इनमें कई गायें ऐसी हैं जो भरपेट चारा नहीं मिल पाने की वजह से बहुत ही दयनीय स्थिति में हैं। एक साल में यहां पांच-छह गायों की मौत भी हो चुकी है।
कोटरा सांरगपुर के गोआश्रय स्थल में नवजात बछड़े की मौत के मामले में एडीओ पंचायत नीरज कुमार को जांच सौंपकर अगले दिन रिपोर्ट मांगी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

























