चौबे मोहल्ले में चल रही भागवत कथा के चौथे दिन की कथा में वामन अवतार, रामावतार एवं श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन
बदायूँ । चौबे मोहल्ले में बरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद पाराशरी के निवास पर चल रही सात दिवसीय भागवत कथा के चौथे दिन आज कथा व्यास दीपक शंखधार जी महाराज ने भगवान वामन अवतार,व रामावतार एवं श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन किया उन्होंने बताया कि भगवान श्री कृष्ण का जन्म कंस की कारागार में भादो मास की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में मध्य रात्रि के समय हुआ था। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक झांकी भी पेश की गई।श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन करते हुए महाराज ने बताया कि भगवान कृष्ण का जन्म जेल में हुआ था, फिर भी वे माया से प्रेरित होकर गोकूल पहुंच गए।आगे चलकर भगवान श्री कृष्ण ने अत्याचारी कंस का वध करके पृथ्वी को अत्याचारों से मुक्त किया तथा अपने माता-पिता को कारागार से छुड़वाया।












उन्होंने भगवान कृष्ण की लीलाओं का वर्णन करते हुए आगे कहा कि भगवान मनुष्य योनी में जन्म लेकर दु:ख में भी सुखी जीवन जीने की सीख देते हैं। भगवान अंतर्यामी असीम शक्ति के पुंज हैं, लेकिन उन्होंने अधर्म का नाश और धर्म की पुन: स्थापना के लिए श्रीकृष्ण और श्रीराम सहित दशावतार धारण किए। उन्होंने गृहस्थ में रहकर सदाचार, परोपकार और सत्य के आधार पर जीवन जीने तथा सत्संग के जरिए सर्वव्यापी ईश्वर का नाम स्मरण करने की सलाह दी। मनुष्य के पास थोड़ा सा धन आने के बाद वह अभिमानी बन जाता है, जो नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवत स्मरण धर्म, अर्थ, काम मोक्ष प्राप्ति का सरलतम मार्ग है। भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को समझाया था कि कर्म थोड़ा दुखदायी होता है, लेकिन बिना कर्म किये सुख की प्राप्ति भी नहीं हो सकती। अगर कर्म का उद्देश्य पवित्र व शुभ हो तो वही कर्म सत्कर्म बन जाता है।
कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव पर नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की एवं गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो गीत पर भक्त जमकर झूमे। भागवत कथा के मथुरा से आए संगीतकारों सतेंद्र पाराशरी, दीपक सक्सेना, ने भगवान के भजन प्रस्तुत किए। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर लड्डू गोपाल को विभिन्न प्रकार की मिठाइयों व मेवे बिस्किट टॉफी,का भोग लगाया गया और बच्चों को खिलौने वितरण किये गये।कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं को माखन मिश्री व मिष्ठान का प्रसाद वितरण किया गया।
इस दौरान आचार्य ज्ञान धर दुबे,आचार्य शिवम शर्मा,आयोजक अरविंद पाराशरी,मीनाक्षी पाराशरी,प्रेम प्रकाश पांडेय, कौशलेंद्र मोहन शर्मा,रामेंद्र सक्सेना, भगवान स्वरूप,लक्ष्य पाण्डे,दीक्षा पाण्डे,मोहित पाण्डे,अभिनव पाराशरी,सिमरन पाराशरी,आयुषी पाराशरी,रश्मि शर्मा,मीनू पाठक,रीना पाठक दीप्ती ग़ौर,चिराग,उमाशंकर, पूर्व सभासद अशोक गुप्ता,अंचला गुप्ता,पवन कुमार एडवोकेट, अमन शर्मा,अभिषेक,हिमांशु,सुरेंद्र उपाध्याय, यश रस्तोगी’पारी’आदि मौजूद रहे।

























