समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के बाद उनके बेटे अब्दुल्ला की भी विधायकी चली गई है. अब्दुल्ला आजम के खिलाफ यह कार्रवाई उन्हें छजलैट केस में मिली 2 साल की सजा के बाद हुई है.

अब्दुल्ला की विधायकी जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश की रामपुर की स्वार सीट पर फिर चुनाव होगा. अब्दुल्ला स्वार सीट से विधायक थे. विधानसभा सचिवालय ने अब्दुल्ला आजम की सीट को रिक्त घोषित कर दिया है.
विधानसभा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यहां कहा, “अब्दुल्ला आजम खान को 15 साल पुराने एक मामले में मुरादाबाद एक अदालत की तरफ से हाल ही में दो साल की सजा सुनाई जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य घोषित किया गया है। उनकी सीट 13 फरवरी से खाली घोषित की गई है”
इससे पहले भी अब्दुल्ला आजम की विधायकी छिन चुकी है. फर्जी प्रमाणपत्र वाले मामले में भी उन्हें दो साल से ज्यादा की सजा हुई थी।

























