तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की बड़ी उपलब्धि, एफओई-टीएमयू की टीम-शैटकॉन पहुंची टॉयकैथॉन-21 के फाइनल राउंड में
टॉयकैथॉन-21 के विजेता 26 को होंगे घोषित
विनर्स टीम को मिलेंगे पचास लाख के पुरस्कार
24 राज्यों की 286 टीमें प्रतियोगिता में शामिल
एफओई-टीएमयू नोडल सेंटर में लिया 30 टीमों ने भाग
यूपी, उत्तराखंड और पुडुचेरी टीएमयू सेंटर से सम्बद्ध
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने टॉयकैथॉन-21 के प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के जरिए गहन संवाद किया। उन्होंने देशभर के चुनिंदा नोडल सेंटरों पर टॉयकैथॉन इन्नोवेटर्स के हौसलों को नए पंख दिए। प्रधानमंत्री अपने सारगर्भित संवाद में बोले, जैसे बच्चों की पहली पाठशाला परिवार होता है, वैसे ही उनकी पहली किताब और दोस्त खिलौने होते हैं। खिलौनों का वैश्विक बाजार 100 अरब डॉलर का है, जिसमें भारत की हिस्सेदारी 1.5 अरब डॉलर की है। हमें इस वैश्विक मंजर को बदलने की दरकार है। इस सीधे संवाद में छात्रों ने उन्हें अपने बनाए गेम्स भी दिखाए। गेम्स की पृष्ठभूमि जानने के बाद प्रधानमंत्री ने बच्चों को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इस ग्रैंड फिनाले का संचालन एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. अनिल डी. सहस्रबुद्धे ने किया। देश के 87 नोडल सेंटरों में शुमार तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी का एफओई-टीएमयू नोडल सेंटर भी प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम से जुड़ा। यूपी के चुनिंदा आठ नोडल सेंटरों में एक एफओई-टीएमयू को भी टॉयकैथॉन-21 की मेजबानी मिली है। इस नाते एफओई-टीएमयू के निदेशक एवं एसपीओसी प्रो. राकेश कुमार द्विवेदी, उनकी मुकम्मल टीम के संग-संग रजिस्ट्रार डॉ. आदित्य शर्मा, एसोसिएट डीन डॉ. मंजुला जैन आदि प्रधानमंत्री के वर्चुअली संवाद से जुड़े। टॉयकैथॉन-21 की इस रेस में अब तक एफओई-टीएमयू को यह बड़ी उपलब्धि मिली है कि उसकी एक टीम-शैटकॉन ने फाइनल राउंड में अपनी जोरदार आमद दर्ज करा दी है। एमसीए की इस टीम की लीडर मानवी राणा हैं, जबकि उनकी टीम में पांच और मेधावी छात्र-छात्राएं- अभिषेक सक्सेना, अक्षत नरेश, बशिष्ठ कुमार, सबूर अली खान और उन्नत रस्तोगी हैं। इस टीम के मेंटर्स डॉ. शक्ति कुंडु और डॉ. प्रियांक सिंघल हैं। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में एफओई-टीएमयू की छह टीमें भाग ले रही हैं।
प्रधानमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, शिक्षा राजयमंत्री श्री संजय शामराव धोत्रे, रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल आदि की भी ऑनलाइन मौजूदगी रही। टॉयकैथॉन का आयोजन शिक्षा मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, एमएसएमई, डीपीआईआईटी, कपड़ा मंत्रालय, सूचना-प्रसारण मंत्रालय और एआईसीटीई करा रहा है। सभी ने संयुक्त रूप से 5 जनवरी 2021 को टॉयकैथॉन- 21 को लॉन्च किया था। टॉयकैथॉन-21 में देशभर से 1.2 लाख प्रतिभागियों ने 17 हजार से ज्यादा विचारों को रजिस्टर और प्रस्तुत किया है। इनमें 1567 विचारों को ऑनलाइन टॉयकैथॉन-21 ग्रैंड फिनाले के लिए चुना है। इसमें 50 लाख की इनामी राशि मिलेगी। इसके विजेताओं की घोषणा 26 जून को होगी। उल्लेखनीय है, 22 जून से 24 जून तक चली इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में 24 राज्यों की कुल 286 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें से यूपी, यूके और पुडुचेरी की कुल 30 टीमें एफओई-टीएमयू से सम्बद्ध हैं। इस प्रतिस्पर्धा का मकसद लीक से हटकर रचनात्मक सोच और परम्परिक भारतीय खिलौनों को फिर से खोजना और डिज़ाइन करना है। इस टॉयकैथॉन का श्रीगणेश 22 जून को केंद्रीय टेक्सटाइल्स और महिला एवं बाल विकास मंत्री माननीया श्रीमती स्मृति ईरानी ने किया था। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अशेंद्र कुमार सक्सेना, प्रो. रवि जैन, डॉ. शम्भू भारद्वाज, प्रो. आरसी त्रिपाठी, डॉ. गुलिस्ता खान, श्री प्रदीप कुमार वर्मा, श्री अजय चक्रवर्ती, डॉ. गरिमा गोस्वामी, डॉ. संदीप वर्मा आदि ने शिरकत की। नोडल सेंटर के संचालन की जिम्मेदारी डॉ. पंकज कुमार गोस्वामी ने संभाली है।


























