लखनऊ. कोरोना संक्रमण के बढ़ते संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक बार फिर वीकेंड कोरोना कर्फ्यू को 10 मई यानी सोमवार सुबह सात बजे तक बढ़ा दिया गया है. पहले तीन दिन का वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था. इसके बाद फिर दो दिन का बढ़ाते हुए 6 मई गुरुवार सात बजे तक कर दिया गया था. लेकिन एक बार फिर इसे बढ़ाते हुए सोमवार सुबह सात बजे तक बढ़ा दिया गया है. लिहाजा ये पूरा हफ्ता ही अब लॉकडाउन रहेगा. इस दौरान सभी बाजार बंद रहेंगे और आवागमन पर रोक रहेगी. औद्योगिक गतिविधियां और वैक्सीनेशन कार्य साप्ताहिक बंदी में भी जारी रहेंगी.इस दौरान पहले की तरह ही सभी पाबंदियां लागू रहेंगी. आवश्यक सेवाओं को छूट मिलती रहेगी। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती बरती जाएगी. दरअसल, पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद उपजे संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है.


























