सीतापुर। महोली विकास खंड के गांव इंद्रौली के प्रधान पद के उम्मीदवार ने जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिला अधिकारी से दोबारा मतगणना कराए जाने का अनुरोध किया है।

दयाशंकर पुत्र किशोरी लाल द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी के नाम पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत इन्द्रौली विकास खण्ड महोली, जनपद सीतापुर की प्रधान पद की मतगणना में क्षेत्रीय राजनीति के चलते हेराफेरी की गयी है। उक्त प्रकरण का विरोध करते हुए प्रार्थी द्वारा निर्वाचन अधिकारी महोली को लिखित रूप से अवगत कराया गया, किंतु निर्वाचन अधिकारी महोली द्वारा पुनः मतगणना नहीं करायी गयी। ग्राम पंचायत इन्द्रौली के मतदान स्थल सं 199 में प्रार्थी के 50 मतपत्रों की गड्ढी अन्य प्रत्याशी के खाते में गिन कर उसे विजयी घोषित करते हुए तत्काल प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। प्रार्थी को मौखिक रूप से भी अपनी बात कहने का मौका नहीं दिया गया। अतः अनुरोध है कि ग्राम पंचायत इन्द्रौली की मतगणना पुनः कराने की कृपा करें, ताकि प्रार्थी के साथ न्याय हो सके।


























