उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने तमाम पाबंदियां लगा रखी हैं. इसके बीच पंचायत चुनाव की मतगणना हुई तो उसके लिए भी सरकार ने दिशा-निर्देश जारी किए. सुप्रीम कोर्ट ने भी सरकार को ताकीद की कि चुनाव नतीजे आने के बाद विजय जुलूस या समारोह का आयोजन न किया जाए, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके. लेकिन इन तमाम निर्देशों के बाद भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों से विजय जुलूस निकालने की खबरें आ रही हैं. पश्चिमी यूपी के बदायूँ का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कोरोना गाइडलाइंस की खुल कर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.
बदायूँ जिला प्रशासन ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन इसे दरकिनार करते हुए जिले के विकास खण्ड उझानी की ग्राम पंचायत मौजमपुर नेहनगर में पंचायत चुनाव में जीत के बाद जमकर जश्न मनाया गया. यही नहीं, ग्राम पंचायत मौजमपुर नेहनगर से प्रधान पद पर विजय प्राप्त करने के बाद निकले इस जुलूस में जमकर आतिशबाजी भी छोड़ी गई. ढोल-नगाड़े के साथ गांव की गली-गली में घूमकर विजेता प्रत्याशी के समर्थकों ने यह जुलूस निकाला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह सैकड़ों की संख्या में जुटे समर्थक पूरे उत्साह के साथ जुलूस निकाल रहे हैं. प्रशासन के निर्देशों को धता बता रहे हैं. इस दौरान गांव में कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा है.
वहीं इसी ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान विनोद सिंह पुत्र कृपाल सिंह ने विजयी प्रधान गुलशन और उनके समर्थकों पर प्रधानी चुनावों की रंजिश के चलते घर मे घुसकर गाली गलौज, मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही के लिये पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर बदायूँ को प्रार्थना पत्र दिया है।


























