

बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 25 से 31 अगस्त तक मनाए जा रहे संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व, भारतीय संस्कृति और इसकी समृद्ध ज्ञान परंपरा से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत प्रार्थना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने संस्कृत में प्रतिज्ञा, भाषण और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर भाषा की उपयोगिता एवं वर्तमान समय में उसके महत्व का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सभी ने सराहना की।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत को भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा के प्रति गौरव की भावना मजबूत करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।























