बिल्सी (बदायूं)। नगर के तहसील रोड स्थित एक कमरे पर रविवार रात करीब 9 बजे यूपी-112 में तैनात कांस्टेबल विपिन चौधरी पर कुछ शराब के नशे में धुत लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में सिपाही घायल हो गया।
बताया जाता है कि ड्यूटी समाप्त कर कांस्टेबल विपिन चौधरी अपने कमरे पर लौटे थे। इसी दौरान कमरे के पास कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। कांस्टेबल द्वारा उन्हें गाली-गलौज न करने की हिदायत देने पर आरोपी भड़क गए और हाथापाई करते हुए डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल कांस्टेबल का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


























