बिल्सी के युवाओं की अनोखी भक्ति यात्रा बनी चर्चा का विषय, डेढ़ माह में पहुंचेंगे वृंदावन

बिल्सी (बदायूं)। क्षेत्र के ग्राम बैरमई खुर्द निवासी सौरभ कश्यप और गोपी कश्यप ने संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एक अनोखा संकल्प लिया है। दोनों युवा कीलों पर लेटकर एवं दंडवत यात्रा करते हुए करीब 210 किलोमीटर की दूरी तय कर वृंदावन पहुंचेंगे। उनकी इस कठिन साधना और अटूट श्रद्धा की क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है।

बताया जाता है कि दोनों युवाओं के मन में लंबे समय से प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करने की अभिलाषा थी। महाराज के सत्संग, भक्ति संदेशों और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने यह कठिन यात्रा करने का निर्णय लिया। उनकी यात्रा ग्राम बैरमई खुर्द से प्रारंभ होकर बिल्सी होते हुए मुजरिया कछला सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वृंदावन पहुंचेगी।

सौरभ कश्यप और गोपी कश्यप ने बताया कि यह उनके जीवन की पहली दंडवत यात्रा है। उनका लक्ष्य करीब डेढ़ माह में वृंदावन पहुंचकर ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन करना और उसके बाद प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और आत्मिक साधना का माध्यम है।

यात्रा के दौरान दोनों युवाओं को देखने के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोग उनकी आस्था, समर्पण और दृढ़ संकल्प की सराहना कर रहे हैं तथा यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि आज के दौर में जहां युवा आधुनिक जीवनशैली की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं सौरभ और गोपी जैसे युवाओं की भक्ति और आध्यात्मिकता से प्रेरित यह यात्रा समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here