सहसवान। थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव परसोना में एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर उसके पालतू कबूतरों को मारने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसके आठ पालतू कबूतरों को नामजद पड़ोसियों ने मार डाला, लेकिन जब वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे फटकार कर भगा दिया।

गांव परसोना निवासी अम्बरवती पत्नी मोरपाल द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार वह अपने घर पर लंबे समय से कबूतर पालती हैं। आरोप है कि गांव के ही धर्म सिंह पुत्र उमराय, राधे पुत्र जगदीश और गोविन्द पुत्र छत्रपाल अक्सर उनके घर की छत पर आ जाते हैं और कबूतरों को नुकसान पहुंचाते हैं। महिला का आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार उसके कबूतर चोरी कर मार चुके हैं।

पीड़िता के अनुसार 29 मई की सुबह करीब आठ बजे आरोपियों ने उसके घर में घुसकर आठ कबूतरों को मार डाला। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

महिला का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। आरोप है कि दबंग पड़ोसी अब तक करीब चार बार उसके कबूतरों को मार चुके हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से उनके हौसले बुलंद हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह मृत कबूतरों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली सहसवान पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने यह कहते हुए उसे डांटकर भगा दिया कि “तुम लोग इसी तरह की रिपोर्ट लेकर बार-बार आ जाते हो।”

घटना के बाद पीड़ित महिला मृत पड़े अपने आठ कबूतरों के साथ बेहद दुखी और परेशान दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते शिकायतों को गंभीरता से लेती तो बार-बार ऐसी घटनाएं न होतीं। ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here