




उघैती/बिल्सी। जनपद बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव ईखखेड़ा में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हेयर सैलून संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार उघैती निवासी समीर सलमानी (22 वर्ष) की गांव ईखखेड़ा में बाल काटने की दुकान है। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। तभी अचानक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश दुकान में घुस आए और समीर को निशाना बनाते हुए उसके सिर में गोली मार दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आते देख बदमाश तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सिर में गोली लगने से समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिले की नई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस संबंध में ऋषिपाल सिंह थानाध्यक्ष उघैती ने बताया कि फिलहाल परिजन घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।


























