




बदायूं। जनपद बदायूं में हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय सनातन बोर्ड द्वारा सनातन बोर्ड–मठ मंदिर विभाग गठन का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम रविवार शाम 4 बजे मोहल्ला लालपुल निवासी डॉ. अमर सिंह तथा शिव दुर्गा मंदिर के महंत चमन प्रकाश द्विवेदी की अगुवाई में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के पुजारियों और महंतों को आमंत्रित कर मंदिरों से जुड़ी समस्याओं और समाज को जोड़ने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंदिरों को समाज का शक्ति केंद्र बनाने पर जोर
कार्यकारिणी प्रमुख देवदत्त शर्मा ने कहा कि आज मंदिरों और समाज के बीच दूरी बढ़ती जा रही है। कई मंदिरों में आरती के समय भी भक्तों की संख्या कम रहती है और कई स्थानों पर मंदिरों के स्पीकर लंबे समय से बंद पड़े हैं। उन्होंने मंदिरों को पुनः समाज का शक्ति केंद्र बनाने और पुजारियों को सशक्त करने की आवश्यकता बताई।
आधुनिक जीवन में धर्म से दूरी पर चिंता
केशव नाथ वैश्य ने कहा कि आधुनिक व्यस्त जीवन में लोगों के पास मंदिर जाने और धर्मग्रंथ पढ़ने का समय कम हो गया है। परिवार और बच्चों का अधिकांश समय मोबाइल और टीवी में बीत रहा है, जिससे धार्मिक गतिविधियों से दूरी बढ़ रही है।
हर मंदिर का बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
वरिष्ठ महंत अभिमन्यु पांडे ने सुझाव दिया कि सभी मंदिरों के पुजारी अपने-अपने मंदिर के भक्तों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं, जिससे आधुनिक तकनीक के माध्यम से भक्तों और मंदिरों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके।
मंदिरों के बाहर सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव
महंत मनोज कुमार मिश्रा ने मंदिरों के बाहर सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव दिया, जिस पर प्रतिदिन संवत, तिथि और त्योहारों की जानकारी लिखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को धार्मिक जानकारी आसानी से मिल सके।
आरती में भक्तों को यजमान बनाने की अपील
सनातन बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि आरती के समय स्थानीय भक्तों को यजमान बनाया जाए और उन्हें परिवार सहित आरती में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे मंदिरों में बढ़ रही एकाकी स्थिति समाप्त हो सके और नई पीढ़ी धर्म के प्रति जागरूक बने।
मांगलिक कार्य मंदिरों में करने का आह्वान
संगठन प्रवक्ता सत्यनारायण गुप्ता ने कहा कि प्राचीन समय में सभी मांगलिक कार्य मंदिरों में ही संपन्न होते थे। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि मुंडन संस्कार, जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और विवाह संबंधी कार्यक्रमों को पुनः मंदिरों में आयोजित करने की परंपरा शुरू की जाए।
नई कार्यकारिणी की घोषणा
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों और कार्यकर्ताओं की सहमति से अश्वनी भारद्वाज को मठ-मंदिर विभाग का विभाग प्रमुख, जबकि राकेश गुलाटी और विनोद कुमार को सह-प्रमुख घोषित किया गया।
कार्यक्रम में सत्यपाल शर्मा, मोहित शर्मा, रविंद्र मिश्रा, पुष्पेंद्र मिश्रा, अखिलेश शर्मा, आशीष सक्सेना, ऋषिपाल पाठक, विपिन कुमार पाठक, राधेश्याम साहू, सुभाष मैथिल, जयप्रकाश गुप्ता, कैप्टन विजय रतन सिंह, कैप्टन सत्यवीर सिंह, एडवोकेट श्याम पाल सिंह, डॉ. संजीव गुप्ता, पूनम सिंह, मणि भदोरिया, ममता साहू तथा पूर्व सभासद मुन्नी देवी साहू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


























