तीन अन्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
मुजरिया/बिल्सी। जनपद बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कैंटर वाहन, डीजल के टैंक और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बृजेश पुत्र जियालाल निवासी ग्राम जलालपुर थाना भोजीपुरा जनपद बरेली ने 13 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ट्रक संख्या UP 82 P 9783 की टंकी का लॉक तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया। इस संबंध में थाना मुजरिया में मुकदमा संख्या 28/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने जांच के दौरान गिरोह का खुलासा किया। पुलिस टीम ने 14/15 मार्च 2026 की रात ग्राम नंगला भिण्ड के पास बने यात्री शेड के निकट से आरोपी खालिद पुत्र अलाउद्दीन निवासी ग्राम शेखपुर खिचरा थाना धौलाना जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कैंटर गाड़ी संख्या UP23AT6860 (सीएनजी), दो प्लास्टिक टैंक (500-500 लीटर), एक 200 लीटर का ड्रम जिसमें करीब 50 लीटर डीजल भरा था, तीन प्लास्टिक पाइप, एक बड़ा पेचकस और तीन प्लास्टिक की बाल्टियां बरामद की हैं।
पुलिस जांच में इस गिरोह के अन्य सदस्य अनवार, वसीम और शहजाद के नाम भी सामने आए हैं, जो मेरठ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी खालिद के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 में बुलंदशहर जिले के सिकंद्राबाद थाना में धारा 307 तथा वर्ष 2021 में अलीगढ़ के टप्पल थाना में धारा 379/411 के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई को विदेश कुमार शर्मा प्रभारी निरीक्षक थाना मुजरिया ने अपनी टीम के साथ अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


























