नोएडा से ओजित बिल्सी से ललित वार्ष्णेय की रिपोर्ट

नोएडा। दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होकर गांव लौट रहे ग्राम प्रधान के परिवार की कार को नोएडा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बदायूं तहसील के ग्राम रिसौली के प्रधान के भाई की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रधान सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रिसौली के प्रधान राजाराम शर्मा अपने परिवार के साथ दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होकर निजी वाहन से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी नोएडा सेक्टर 50 के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पलटते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में प्रधान के भाई की पत्नी आशा (उम्र लगभग 50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रधान राजाराम शर्मा, भगवान दास, योगेंद्र शर्मा, श्रीपाल माली और लंबरदार शर्मा सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, हादसे की खबर जैसे ही ग्राम रिसौली पहुंची, गांव में कोहराम मच गया। परिजन और नजदीकी रिश्तेदार देर रात ही नोएडा के लिए रवाना हो गए। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here