
बिल्सी।नगर के बाईपास रोड स्थित दुर्गा नगर कॉलोनी में नवनिर्मित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार से पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ हो गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखने को मिली।
इस नवनिर्मित मंदिर में भगवान शिव परिवार, मां जगदंबा, राम दरबार, राधा-कृष्ण, हनुमान जी, शनिदेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा कराई जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समाजसेवी दीपक चौहान एवं जयप्रकाश ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत
13 फरवरी 2026 (गुरुवार) को पूजा-पाठ एवं हवन,
14 फरवरी (शनिवार) को सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों का भव्य नगर भ्रमण,
15 फरवरी (रविवार) को प्रातः 9:00 बजे से प्रकांड विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा,तथा 16 फरवरी (सोमवार) को दोपहर 12:00 बजे से मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालु भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता करें और पुण्य लाभ अर्जित करें। कार्यक्रम को लेकर दुर्गा नगर कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।


























