

बदायूं। मीरा चौकी स्थित विद्या भारती से संबद्ध श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आज प्रांतीय योजना के अंतर्गत एकदिवसीय प्रांतीय अवलोकन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह अवलोकन प्रांतीय समयदानी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।
विद्यालय का अवलोकन कार्यक्रम प्रातःकालीन वंदना सत्र से प्रारंभ हुआ। प्रांतीय समयदानी कार्यकर्ता अमृतपाल सिंह एवं गुरचरण मिश्रा ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, आर्थिक पक्ष, योजना निर्माण, क्रियान्वयन, सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता, संस्कार केंद्र तथा विभिन्न विभागीय बैठकों के माध्यम से विद्यालय की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया।
अवलोकन समिति के सदस्य अमृतपाल सिंह ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा प्रदान करते हुए आधुनिक शिक्षण पद्धति के अनुरूप विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में समाज में एक विशिष्ट एवं उच्च स्थान पर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान आगंतुक अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने कराया। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ आचार्य कमलेश कुमार ने अवलोकन दल का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख राजकुमार सिंह सेंगर, अनुज पटेल, हिमांशु उपाध्याय, प्रवेश मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, दिनेश कुमार शर्मा, अशोक कुमार सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।


























