
बदायूं। अखिल भारतीय सनातन बोर्ड की कार्यकारिणी बैठक रविवार दिनांक 1 फरवरी 2026 को सायं 4:00 बजे संगठन के कार्य अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता के रजी चौक स्थित आवास पर संपन्न हुई। बैठक में बदायूं जिले के समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बोर्ड के प्रवक्ता सत्यनारायण गुप्ता ने कहा कि बरेली मंडल के चार जिलों में से तीन जिलों में रेलवे जंक्शन मौजूद हैं, वहीं अकेले बरेली जिले में पांच रेलवे जंक्शन हैं, लेकिन बदायूं जनपद की लंबे समय से लगातार उपेक्षा की जाती रही है। उन्होंने कहा कि अब बदायूं की जनता की आवाज शासन तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि बदायूं का व्यापार मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र पर निर्भर है, लेकिन जिले से दिल्ली आने-जाने के लिए कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। व्यापारी वर्ग को मजबूरी में केवल रोडवेज बसों और सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है।
प्रशासनिक प्रमुख विजय रतन सिंह ने बताया कि दिल्ली और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेलवे लाइन न होने के कारण जिले का व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वहीं सचिव एडवोकेट अश्वनी भारद्वाज ने बताया कि प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन न होने से उच्च न्यायालय में न्याय हेतु जाने वाले वादियों को अत्यधिक असुविधा होती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
इसके पश्चात नारीशक्ति विभाग की उपाध्यक्ष पूनम सिंह ने विस्तृत अध्ययन के आधार पर जिले में चंदौसी–बिसौली–बदायूं–उसहैत–कंपिल–कायमगंज तक नई रेलवे लाइन बिछाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस नई रेलवे लाइन से जिले में व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा यह रूट प्रदेश के लिए एक औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में कार्य करेगा।
विस्तृत चर्चा के उपरांत कार्यकारिणी प्रमुख उपेंद्र उपाध्याय एवं जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू के नेतृत्व में यह प्रस्ताव बहुमत से पारित कर दिया गया।
बैठक के अंत में कार्यकारिणी प्रमुख ने बताया कि इस मांग को लेकर शीघ्र ही रेलवे मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित एक ज्ञापन भेजा जाएगा तथा जिले भर में अभियान चलाकर व्यापारियों एवं आम जनता से हस्ताक्षर कराकर समर्थन जुटाया जाएगा।
बैठक में मणि भदौरिया, रचना संघधार, सुभाष मैथिल, योगेश चंद्र त्रिवेदी, एडवोकेट मुनेंद्र राठौर, राजीव कुमार गुप्ता, वागीश यादव, एडवोकेट अरविंद गुप्ता, अनिल साहू, यशवर्धन सक्सेना, सुशील साहू, शिव ओम मथुरिया, देवेश शर्मा, विकास सक्सेना, देवकीनंदन शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, डॉ. संजीव गुप्ता, डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. अमर सिंह, चंद्रदेव वर्मा, राकेश साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























