
बदायूं।स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को जनपद बदायूं में राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, बदायूं के तत्वावधान में विकास भवन में संपन्न हुआ, जिसमें जनपद भर से युवाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम में कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रणजीत सिंह ने स्वामी विवेकानंद के ओजस्वी और प्रेरणादायक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की सोच पूर्णतः वैज्ञानिक, राष्ट्रवादी और युवा केंद्रित थी, जो आज के समय में भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी जी के विचारों को अपने अंतर्मन से अपनाएं और राष्ट्र निर्माण व देश के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
राष्ट्रीय युवा उत्सव के अंतर्गत जनपद बदायूं के सभी विकासखंडों के मंगल दलों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विभिन्न दलों की सहभागिता ने आयोजन को उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विशाल पाल, विकास नारायण शर्मा, मनोज कुमार सिंह, कांति प्रसाद सहित युवा कल्याण विभाग के कनिष्ठ सहायक राहुल चौबे एवं अन्य अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करना रहा, ताकि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए देश की प्रगति में योगदान दे सकें।


























