

सहसवान (बदायूं)। वन विभाग के लिए बेहद दुखद समाचार सामने आया है। सामाजिक वानिकी क्षेत्र कार्यालय सहसवान में तैनात एसडीओ अशोक कुमार त्यागी (59 वर्ष) का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वह सहसवान स्थित कार्यालय आवास पर रह रहे थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों व कर्मचारियों द्वारा उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान लाया गया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वर्गीय अशोक कुमार त्यागी मूल रूप से जनपद हापुड़ के निवासी थे। वह बीते करीब दो वर्षों से सामाजिक वानिकी क्षेत्र कार्यालय सहसवान में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) के पद पर तैनात थे। शासन द्वारा माह नवंबर में उन्हें पदोन्नत करते हुए उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) बनाया गया था।
हालांकि, पदोन्नति के बाद भी उन्हें जनपद मुख्यालय पर तैनाती नहीं मिल सकी, जिसके चलते वह सहसवान स्थित सामाजिक वानिकी कार्यालय के आवास पर ही रह रहे थे और वहीं से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।
उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं सामाजिक वानिकी कार्यालय के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और अनुशासित अधिकारी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


























