बरेली।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एआरटीओ अजय कुमार गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष अधीश सक्सेना, अजय चौहान एवं दिनेश मलिक द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।

इस अवसर पर एआरटीओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएँ एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही हैं। हर वर्ष हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं और लाखों लोग घायल होते हैं। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने से ही सुरक्षित जीवन संभव है

भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीश सक्सेना ने बताया कि अभियान के तहत सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों का पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण, नशे की हालत में वाहन न चलाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन, शिक्षा संस्थान एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ रैलियाँ, पोस्टर प्रदर्शनी, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित कर युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वाहन चालकों के लिए यातायात नियमों से संबंधित प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जा रहे हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामूहिक सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक दिनेश मलिक ने सभी आगंतुकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जगदीश मलिक, संपूर्ण आचार्य परिवार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here