बदायूं। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा हत्या के विरोध में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने बदायूं में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मालवीय आवास गृह से जुलूस निकालते हुए महाराणा प्रताप चौक तक मार्च किया और वहां बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने कहा कि जब बांग्लादेश की प्रधानमंत्री संकट में होती हैं, तब भारत उन्हें संरक्षण और सुरक्षा देता है, इसके बावजूद बांग्लादेश में हिंदू समाज के लोगों के साथ लगातार अन्याय और जुल्म किया जा रहा है, जो अत्यंत निंदनीय है।

जिला मंत्री उज्जवल गुप्ता ने कहा कि बांग्लादेश का प्रशासन और वहां का समाज हिंसक इस्लामी जिहादी तत्वों की गतिविधियों पर मौन साधे हुए है, जिससे ऐसे तत्वों को खुला प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के मानवीय अधिकारों का इस प्रकार खुलेआम हनन किसी भी सभ्य समाज में मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध है।

उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी इस बर्बर हिंसा और प्रशासनिक निष्क्रियता की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। संगठनों की मांग है कि बांग्लादेश में हिंदू विरोधी हिंसा पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर उन्हें सख्त सजा दिलाई जाए तथा अल्पसंख्यकों के लिए भय व शोषणमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भारत सरकार से भी इस मामले में सख्त और प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

प्रदर्शन में अमित सक्सेना, अरविंद शर्मा, मयूर गुप्ता, ऋषि कुमार वर्मा, आशीष, नीरज कोचर, राजेश सपरा, राजेश बाबू, शुभम रस्तोगी, विकास पटेल, अरविंद गुप्ता, विनय प्रताप सिंह, विपिन, दिनेश यादव, सुमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here