बदायूं मे दिनदहाड़े सर्राफा दुकान पर दूसरी लूट, पुलिस सवालों के घेरे में?




बदायूं। बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा गांव के मुख्य बाजार में शुक्रवार की शाम दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों द्वारा सर्राफा दुकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने की वारदात ने कानून और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद दुकानदारों और ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस की कार्यप्रणाली की तरफ बढ़ गया, जिसे लेकर बदायूं में चिंता और नाराजगी का माहौल दिखाई दे रहा है।
हथियार के बल पर लूट, भीड़ ने पकड़े तीन बदमाश
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग 4:30–5:00 बजे चार हथियारबंद बदमाश बाइक से खितौरा बाजार में आए और सर्राफा व्यापारियों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर दुकान में रखे आभूषणों को थैलों में भरना शुरू किया। करीब 5 लाख रुपये की नगदी भी लूट ली गई। ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने उत्साह और साहस दिखाते हुए भाग रहे तीन बदमाशों को पकड़ लिया और उन्हें जमकर पीटा। चौथा बदमाश नकदी लेकर हालत का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस की देरी पर उठे सवाल
लूट की यह भयावह घटना होने के बाद स्थानीय लोगों ने घटना स्थल पर जल्दी से पुलिस के आने की अपेक्षा की, लेकिन सूचना के बावजूद एक घंटे से ज्यादा समय तक थाने से प्रभारी निरीक्षक या थाना प्रभारी घटना स्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में आक्रोश और असंतोष उत्पन्न हुआ। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस की हीलाहवाली और ढीली कार्यशैली पर सवाल उठाए और यह भी कहा कि इस तरह की भयावह वारदातें समय रहते पुलिस की सक्रियता न रहने से बढ़ रही हैं।
भीड़ ने जब प्रभारी निरीक्षक को बुलाने की मांग की, तो एक सिपाही और दारोगा द्वारा कहा गया कि घायल बदमाशों को अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इससे भी मामला नहीं सुलझा और लोग और अधिक भड़क गए। काफी समझाने के बाद ही माहौल शांत हो सका और पुलिस ने बदमाशों को थाने ले जाकर मामला दर्ज किया।
दुकानदारों का आरोप: पुलिस ख्वाब में है या बदमाशों में?
दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस समय-समय पर जुड़े अपराधों की रोकथाम में नाकाम नजर आ रही है। उन्होंने उदाहरण दिए कि इस घटना से पूर्व बदायूं नगर में भी सर्राफ के यहाँ दिनदहाड़े लूट की वारदात हो चुकी है, जिससे अब यह धारणा बन रही है कि पुलिस का खौफ नहीं रहा है इसलिए अपराधियों में दिन दहाड़े वरदातों को अंज़ाम देने की हिम्मत बढ़ रही है।
पुलिस का दावा और कार्रवाई
एसपी ग्रामीण हृदयेश कठेरिया ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और चौथे फरार साथी की तलाश जारी है। आगामी पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज तथा साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान
पुलिस ने पकड़े गए तीनों बदमाशों की पहचान इस प्रकार की है:सचिन (उघैती थाना क्षेत्र, स्वरूपपुर)अंकित (बिसौली कोतवाली क्षेत्र, परसिया) प्रदीप (आंवला कोतवाली क्षेत्र, राजपुर खुर्द)
पिटाई से गंभीर रूप से घायल इन बदमाशों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं चौथा बदमाश 5 लाख नकदी लेकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस सीसीटीवी फुटेज एवं आसपास की जांच के माध्यम से कर रही है।


























