
बदायूं। आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को माननीय नगर विधायक एवं पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री महेश चंद्र गुप्ता द्वारा विकास खंड सालारपुर क्षेत्र में विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर लगभग 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित कार्यों को जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम कुंडरा चकौंद में अंत्येष्टि स्थल/शवदाह गृह निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, वहीं अचिंतपुर मजरा ब्यौर में खड़ंजा निर्माण कार्य तथा ग्राम सालारपुर में सीसी मार्ग का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने अपनी विधानसभा को माँ के समान दर्जा दिया है और क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम व प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी व्यक्तिगत समस्या मानते हैं। अंत्येष्टि स्थल के शिलान्यास को उन्होंने अपने लिए अत्यंत भावनात्मक और महत्वपूर्ण क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की संवेदनशीलता, संस्कार और मानवीय गरिमा का प्रतीक है। किसी भी व्यक्ति की अंतिम यात्रा सम्मानपूर्वक और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, यह शासन और समाज दोनों की नैतिक जिम्मेदारी है। वर्षों से अंतिम संस्कार के समय आने वाली परेशानियों को देखते हुए एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्थायी अंत्येष्टि स्थल की आवश्यकता थी, जिसे अब साकार किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि इस स्थल के निर्माण से भविष्य में ग्राम पंचायत क्षेत्र के शोक संतप्त परिवारों को मूलभूत सुविधाएँ, समुचित स्थान और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे कठिन समय में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खड़ंजा एवं सीसी मार्ग के लोकार्पण के दौरान उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से आवागमन सुगम होगा तथा किसानों, छात्रों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या का भी इससे स्थायी समाधान होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि डबल इंजन की सरकार के चलते प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर है।
इस अवसर पर अनेकपाल सिंह (ब्लॉक प्रमुख पति, सालारपुर), रामचरन पाल (मंडल अध्यक्ष, बिनावर), धीरेंद्र सिंह (जिला प्रतिनिधि) सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


























